Home खेल एशियन गेम्स में भारत का पदक अभियान शुरू, शूटिंग में रजत; महिला...

एशियन गेम्स में भारत का पदक अभियान शुरू, शूटिंग में रजत; महिला हॉकी टीम की 19-0 से बड़ी जीत

0
8

आइची-नागोया। जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के पहले दिन भारत ने शानदार शुरुआत की है। भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग, हॉकी, टेबल टेनिस और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स समेत कई खेलों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारत ने रविवार सुबह महिला 10 मीटर एयर राइफल की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना पदक खाता खोला।

शूटिंग में इलावेनिल वलारिवान, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद की भारतीय तिकड़ी ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1898.0 अंक हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण और जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। भारत के लिए व्यक्तिगत स्पर्धा में भी अच्छी खबर रही। सोनम मस्कर ने 634.1 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि इलावेनिल वलारिवान ने 633.5 अंक जुटाकर फाइनल में जगह बनाई।

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में उत्तराखंड की सुचिका तरियाल ने भी भारत के लिए पदक पक्का कर दिया। उन्होंने महिला ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ सुचिका का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया है। अब उनकी नजर स्वर्ण पदक पर है।

महिला हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 19-0 से जीत दर्ज की। भारत की ओर से दीपिका ने अकेले आठ गोल किए। इसके अलावा लालरेमसियामी, ईशिका, बलजीत कौर, नेहा, रुतुजा पिसल, लालथानलुआंगी, साक्षी राणा और नवनीत कौर ने भी गोल किए। मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और लगातार गोल दागते हुए बड़ी जीत हासिल की।

टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने भी अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। ग्रुप एफ के मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया। श्रीजा अकुला, दिया चिताले और यशस्विनी घोरपड़े ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। ग्रुप चरण में भारत का अगला मुकाबला सिंगापुर से होगा।

तैराकी में ऋषभ दास ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। वहीं, 100 मीटर फ्रीस्टाइल में भारतीय तैराक आकाश मणि और बेनेडिक्टन बेनिस्टन फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके।

टेकबॉल में भारत को कांस्य पदक मुकाबलों में निराशा हाथ लगी। महिला एकल में क्विम्सी डिसूजा को जापान की यूइना सकामोटो ने हराया, जबकि मिश्रित युगल में क्विम्सी डिसूजा और अनस की जोड़ी को वियतनाम की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा।

क्रिकेट में भी भारत-पाकिस्तान फाइनल की संभावना समाप्त हो गई। महिला क्रिकेट के सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 177 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने कप्तान चमारी अटापट्टू की नाबाद 83 रन की पारी की बदौलत 17.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

एशियन गेम्स के पहले दिन भारत की शुरुआत पदक के साथ हुई है। शूटिंग में रजत पदक, सुचिका तरियाल का पदक पक्का होना, महिला हॉकी में बड़ी जीत और टेबल टेनिस में शानदार प्रदर्शन ने भारतीय अभियान को मजबूत शुरुआत दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here