महाराष्ट्र के लातूर जिले के पूरणमल लाहोटी पॉलिटेक्निक गर्ल्स हॉस्टल में लड़कियों की अचानक रात में तबीयत खराब हो गई।हॉस्टल में देर रात खाना खाने के बाद 50 से अधिक लड़कियां उल्टी करने लगीं। तबीयत बिगड़ने के बाद सभी छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया। जरूरी इलाज के बाद कुछ छात्रों को वापस हॉस्टल भेजा गया। बताया जा रहा कि लड़कियों को फूड प्वॉजनिंग की शिकायत थी।
हॉस्टल में 324 छात्राएं रहती हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे छात्रों ने चावल, चपाती, भिंडी की सब्जी और दाल पी थी। उन्होंने कहा कि साढ़े आठ बजे तक उनमें से कई छात्राओं को बैचेनी महसूस होने लगी और कुछ छात्रों को उल्टी होने लगी।
सूचना मिलने पर कॉलेज के प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे और लातूर में विलासराव देशमुख सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डीन डॉ. उदय मोहिते को इसकी जानकारी दी। मोहिते ने बताया कि करीब 50 छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार तड़के तीन बजे तक 20 लोगों को छुट्टी दे दी गई।अन्य 30 छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं।
सभी लड़कियों की हालत स्थिर है और पूरी मेडिकल टीम मौजूद है। देखभाल कर रही है। छात्राओं के माता-पिता को आश्वासन दिया है कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। प्रिंसिपल वीडी निन्नावरे ने कहा कि हॉस्टल की कुछ छात्राओं के बीमार होने की खबर मिलने के बाद हम तुरंत वहां पहुंचे।
सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। शिवाजीनगर पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अधिकारियों ने भोजन के नमूने एकत्र किए। उन्होंने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के कारणों का पता सैंपल रिपोर्ट आने के बाद लगेगा। वहीं, लातूर से लोकसभा सांसद शिवाजी कलगे भी छात्राओं का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लातूर की कलेक्टर वर्षा ठाकुर घुगे से भी मुलाकात की और उनसे घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया।