भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं सोनिया और प्रियंका गांधी

0
98

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार तड़के दिल्ली पहुंच गई है। इस यात्रा में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हो गई है। साथ ही रॉबर्ट वाड्रा भी राहुल गांधी के साथ यात्रा में कदम बढ़ाते नजर आए।

कांग्रेस के दिल्ली इकाई प्रमुख अनिल चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बदरपुर में दिल्ली की सीमा पर राहुल गांधी और यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा ने हरियाणा में फरीदाबाद की ओर से दिल्ली में प्रवेश किया है। इस यात्रा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला, शक्तिसिंह गोहिल सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए है।

इस दौरान कांग्रेस की ओर से कहा गया कि महंगाई, बेरोजगारी और नफरत को दूर करना चाहिए। भारत की इस आवाज को लेकर हम राजा के सिंहासन पर आ गए हैं, हम दिल्ली आ गए हैं। आइए इसे और भी ऊंचा उठाने के लिए हमारे साथ दें। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इससे पहले ट्वीट किया था कि भारत जोड़ो यात्रा अपने 108वें दिन दिल्ली में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वहां बेचैनी बढ़ गई है। यात्रा सुबह 11 बजे राष्ट्रीय राजधानी में आश्रम चौक पर रुकेगी और दोपहर 1 बजे यात्रा फिर से शुरू होगी।

दिल्ली पुलिस और कांग्रेस की खींचतान के चलते शनिवार सुबह से ही आधी दिल्ली में यातायात व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बदरपुर से लाल किले तक लोगों को विभिन्न सड़कों पर यातायात जाम का भी सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।