श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने बुधवार को श्रीनगर के Kashmir Haat में आयोजित ‘नोज योर आर्टिसन्स’ कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान तिरंगे रंगों वाली रिबन को काटने से इनकार कर दिया।
कार्यक्रम के उद्घाटन के समय जब उनके सामने केसरिया, सफेद और हरे रंग की धारियों वाली रिबन लाई गई, तो उन्होंने तिरंगे के प्रति सम्मान जताते हुए उसे काटने के बजाय हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों से कहा कि रिबन को दोनों ओर से खोलकर सम्मानपूर्वक अलग रख दिया जाए।
मुख्यमंत्री के इस कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें वे अधिकारियों को रिबन को सावधानी से हटाने और सम्मान के साथ रखने को कहते नजर आए। रिबन हटाने के बाद कार्यक्रम का उद्घाटन सामान्य रूप से किया गया। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और सलाहकार नासिर असलम वानी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान ‘राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971’ के तहत दंडनीय है। हालांकि अदालतों ने तिरंगे के डिजाइन वाली वस्तुओं को काटने को अपराध नहीं माना है, फिर भी मुख्यमंत्री के इस फैसले को तिरंगे के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।














