उत्तर प्रदेश में अगली साल होने वाले विधानसभा चुनाव बहुत ही अहम माने जा रहे हैं। जिसके चलते राज्य में हो रही हर हलचल पर सभी दल नजरें गड़ाए हुए हैं। जैसे ही कोई बात सामने आती है, प्रदेश में सियासत गर्मा जाती है। आज एक बार फिर राज्य की 2 बड़ी पार्टियों के बीच नोक झोंक देखने को मिल रही है। बता दें कि समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संरक्षक और संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) और संघ प्रमुख मोहन भागवत (RSS Chief Mohan Bhagwat) के साथ बैठने पर राजनीतिक दलों में बवाल मचा हुआ है।
ट्विटर पर एक तस्वीर सामने आई है, जिसको कांग्रेस द्वारा शेयर किया गया है। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि मुलायम सिंह यादव एक सोफे पर मोहन भागवत के साथ बैठे हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद सपा संरक्षक को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने ट्विटर पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि “नई सपा में ‘स’ का मतलब ‘संघवाद’ है?” कांग्रेस के इस ट्वीट पर सपा ने करारा जवाब दिया। सपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रमुख शरद पवार की तस्वीर शेयर की और कांग्रेस पर हमला बोला।
सपा ने लिखा कि “राजनीतिक शिष्टाचार भूल चुकी है कांग्रेस! जिस कार्यक्रम की तस्वीर लगा रही कांग्रेस, उसी कार्यक्रम में कांग्रेस की सहयोगी एनसीपी के नेताओं ने भी लिया नेताजी का आशीर्वाद। इस पर क्या कहेगी कांग्रेस?” बता दें कि उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और उनकी पत्नी उषा नायडू ने अपनी नातिन निहारिका की शादी के उपलक्ष्य में अपने आवास पर रिसेप्शन पार्टी आयोजित की थी। इस दौरान वहां देश के कई बड़े राजनेता मौजूद थे। ये तस्वीर भी इस ही कार्यक्रम की है।