Home उत्तराखंड मुंबई-पुणे में भारी बारिश का तांडव: मानखुर्द में चॉल गिरने से 6...

मुंबई-पुणे में भारी बारिश का तांडव: मानखुर्द में चॉल गिरने से 6 की मौत, एक्सप्रेसवे पर बड़ा भूस्खलन, स्कूल-कॉलेज बंद

0
13

मुंबई/पुणे:मुंबई, पुणे और आस-पास के इलाकों में सोमवार को मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस आसमानी आफत के बीच मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक तीन मंजिला चॉल गिरने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। वहीं, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी को देखते हुए मुंबई, पुणे, ठाणे और नवी मुंबई के सभी स्कूल-कॉलेजों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मानखुर्द हादसा: मलबे में दबे लोग, अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के बीच बीती रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के मंडला इलाके में जनता नगर स्थित चॉल नंबर-5 में तीन मंजिला ढांचा ढह गया। इस हादसे में दो से तीन मकान मलबे में तब्दील हो गए। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और बीएमसी की टीमों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाए गए पांच लोगों (चार महिलाएं और एक पुरुष) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत राजावाड़ी अस्पताल में हुई। हादसे में घायल एक शख्स का इलाज जारी है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड, मुंबई जाने वाली लेन बंद

एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ सेक्शन पर खंडाला एग्जिट के पास पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि इस भूस्खलन की चपेट में कोई वाहन नहीं आया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई जाने वाली लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन की टीमें मशीनों की मदद से रास्ता साफ करने में जुटी हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल-कॉलेज बंद, दफ्तर खुले रहेंगे

मौसम विभाग द्वारा पुणे के लिए ‘रेड अलर्ट’ और मुंबई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं:

  • मुंबई व पुणे: बीएमसी और पुणे जिला प्रशासन ने सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों व कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी है। हालांकि, बीएमसी ने साफ किया है कि सरकारी और निजी दफ्तर हमेशा की तरह खुले रहेंगे।

  • ठाणे व नवी मुंबई: ठाणे जिला कलेक्टर श्रीकृष्णनाथ पांचाल ने जिले की सभी आंगनबाड़ियों, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) ने भी सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया है।

प्रशासन की सख्त हिदायत

पुणे नगर निगम, नवी मुंबई की मेयर सुजाता पाटिल और एनएमएमसी कमिश्नर कैलाश शिंदे ने नागरिकों से अपील की है कि जब तक कोई बेहद जरूरी काम न हो, तब तक घरों से बाहर न निकलें। लोगों को नदियों, झरनों, जलभराव वाले इलाकों और अन्य खतरनाक जगहों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here