Home मनोरंजन बिट्टू से खूंखार विलेन तक: ‘Gunmaaster G9’ में अपारशक्ति खुराना का बदला...

बिट्टू से खूंखार विलेन तक: ‘Gunmaaster G9’ में अपारशक्ति खुराना का बदला अवतार

0
6
  • इमरान हाशमी के सामने बनेंगे सबसे बड़ा खतरा।
  • 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म।
  • तानसिंह लामा 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना जल्द ही अपनी आगामी फिल्म ‘Gunmaaster G9’ में बिल्कुल अलग और खतरनाक अंदाज में नजर आने वाले हैं। कॉमिक टाइमिंग और हल्के-फुल्के किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अपारशक्ति इस बार एक बेरहम और खूंखार विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद उनके नए अवतार ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है।

फिल्म ‘स्त्री’ में बिट्टू के मासूम, चुलबुले और मनोरंजक किरदार से लोकप्रिय हुए अपारशक्ति खुराना का यह नया रूप उनके अब तक के चर्चित किरदारों से बिल्कुल अलग है। ‘सॉफ्ट चिट्टी, वॉर्म चिट्टी’ जैसे संवादों से दर्शकों को हंसाने वाले अभिनेता अब पर्दे पर खौफ और चुनौती का माहौल बनाते नजर आएंगे।

ट्रेलर में अपारशक्ति का किरदार बेहद बेखौफ और आक्रामक दिखाई देता है। उनकी डरावनी निगाहें, तीखे चेहरे के भाव, संवाद अदायगी और एक्शन दृश्यों ने उनके नकारात्मक किरदार को अलग पहचान दी है। फिल्म में उनका सामना अभिनेता इमरान हाशमी से होगा और दोनों के बीच की टक्कर को फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में शामिल माना जा रहा है। अपारशक्ति का किरदार इमरान हाशमी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरता नजर आ रहा है।

फिल्म में अपारशक्ति का लुक भी काफी चर्चा में है। कंधों तक लंबे और बिखरे बाल, रंग-बिरंगी प्रिंट वाली शर्ट, मेटल फ्रेम का चश्मा और उनका अलग अंदाज उनके किरदार को देसी, खुरदरा और खतरनाक व्यक्तित्व देता है। खास बात यह है कि उनका किरदार जरूरत से ज्यादा बनावटीपन या शोर-शराबे के बजाय अपनी स्क्रीन प्रेजेंस और बेखौफ अंदाज से प्रभाव छोड़ता दिखाई देता है।

अपारशक्ति खुराना के अभिनय सफर में यह भूमिका एक दिलचस्प बदलाव के रूप में देखी जा रही है। कॉमेडी और सहायक किरदारों से अलग अब वह एक दमदार नेगेटिव भूमिका में अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। ट्रेलर में उनका एक संवाद भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है— ‘रानी तेरी मोरनी को मोर ले गए!’

‘Gunmaaster G9’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के ट्रेलर के बाद अपारशक्ति खुराना के इस बदले हुए और खतरनाक अवतार को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर बिट्टू के रूप में दर्शकों को हंसाने वाले अपारशक्ति अपने विलेन अवतार से दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here