Home महाराष्ट्र एकनाथ शिंदे ने कहा- ‘मुझे PM मोदी का हर फैसला मंजू, BJP...

एकनाथ शिंदे ने कहा- ‘मुझे PM मोदी का हर फैसला मंजू, BJP से होगा अगला CM

0
164

महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चल रहे सियासी घमासान के बीच बुधवार को महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने अपने आप को कभी सीएम नहीं समझा। मैंने हर क्षण जनता के लिए काम किया। पीएम मोदी और अमित शाह ने हमेशा मेरा साथ दिया। मोदी-शाह में जनता के सपनों को पूरा करने की ताकत है।

एकनाथ शिंदे ने कहा, महाराष्ट्र के अगला मुख्यमंत्री भाजपा से ही होगा। मैंने पीएम मोदी को फोन करके कहा था कि हमारे बीच कोई अड़चन नहीं है। आप जो भी फैसला करेंगे वो हमें मंजूर होगा। हम सब एनडीए का हिस्सा हैं और रहेंगे। पीएम मोदी जो कुछ भी निर्णय लेंगे वो शिवसेना को मंजूर है। महायुति मजबूत है और हम सब मिलकर काम करने को तैयार हैं

कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं महाराष्ट्र के सभी मतदाताओं को महायुति का समर्थन करने और हमें भारी जीत दिलाने के लिए धन्यवाद देता हूं। यह अभूतपूर्व है। अमित शाह और पीएम मोदी ने एक आम शिवसैनिक को सीएम बनाने के बालासाहेब ठाकरे के सपने को पूरा किया है। वे हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं।

महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि चुनाव में हमें जनता का प्यार और भरोसा मिला। इसके लिए मैं सबका दिल से धन्यवाद करता हूं। हमने लाड़ली बहन योजना पर बहुत अच्छे से काम किया। मैंने हमेशा एक कार्यकर्ता के तौर पर काम किया है। मैंने कभी खुद को मुख्यमंत्री नहीं माना। सीएम का मतलब आम आदमी होता है, मैंने यही सोचकर काम किया। हमें लोगों के लिए काम करना चाहिए। मैंने नागरिकों का दर्द देखा है, उन्होंने कैसे अपना घर चलाया।