आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका ने एक बार फिर से बड़ा प्रहार किया है। मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका ने अल-कायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी को मार गिराया है। अमेरिका (US) ने अफगानिस्तान में आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत एक सीक्रेट ऑफरेशन में इस काम को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब 6 बजकर 18 मिनट पर अल-जवाहिरी को मार गिराया। ये खबर मीडिया में आग की तरह फैल रही है। बता दें कि अल-जवाहिरी की मौत की पुष्टि खुद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने की है।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अल-जवाहिरी की मौत की खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि “अलकायदा सरगना ने “अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ हत्या और हिंसा का एक रास्ता तराशा था। अब न्याय मिल गया है और यह आतंकवादी नेता नहीं रहा।” अधिकारियों के अनुसार जब उस पर हमला किया गया तो वह अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मौजूद था। अधिकारियों ने बताया कि जवाहिरी एक सुरक्षित घर की बालकनी में थे।
मौके का फायदा उठाते हुए अमेरिका ने उसके ऊपर दो मिसाइलें दागीं, जिसमें उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही अधिकारियों ने कहा है कि “मौके पर परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ और केवल जवाहिरी मारा गया।” बताते चलें कि अल-कायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी, मिस्र का एक सर्जन था, जो बाद में दुनिया के सबसे वांछित आतंकवादियों में से एक बन गया था। 2011 में ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद जवाहिरी ने अल-कायदा को अपने नियंत्रण में ले लिया था। वह और लादेन संयुक्त राज्य अमेरिका पर 9/11 के हमलों के मास्टरमाइंड थे।