देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर लगातार चर्चा हो रहा है। जिसको लेकर कांग्रेस में फैसले लेने वाली सबसे बड़ी कमिटी कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) की बैठक जारी है। सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव मई में होंगे। केसी वेणुगोपाल ने सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी का शेड्यूल पढ़ा और बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए मई में चुनाव होंगे। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। कांग्रेस पार्टी नहीं चाहती कि आंतरिक चुनाव के चलते पार्टी का ध्यान भटके।
बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद इसका ज़िम्मेदार खुद को मानते हुए राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद सोनिया गांधी ने एक बार फिर पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष का पद संभाला। गौरतलब हैं कि इस बीच राहुल गांधी ने ये ही साफ कर दिया था कि वो अब कभी इस पद पर नहीं आएंगे। साथ उन्होंने कहा कि अब गांधी परिवार से कोई भी पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनेगा। जिसके बाद से ही सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसके बाद दिसंबर 2020 में पार्टी ने बहुत सी बड़ी बैठकें की थीं। इन बैठक में पार्टी ने बहुत से बदलाव किए। बता दें कि इस बीच हुई बैठक में फिर एक बार कांग्रेस के कुछ नेताओं ने राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मांग रखी थी। हालांकि, इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा बार बार कहा गया कि पार्टी का अध्यक्ष आंतरिक चुनावों के तहत चुना जाना चाहिए। इस दौरान राहुल गांधी ने भी पार्टी का अध्यक्ष बनने पर हामी भरी। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वो निभाएंगे।