धामी मंत्रिमंडल का विस्तार नवरात्र में संभव, दिल्ली दौरे से अटकलें तेज

0
9

देहरादून। उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि नवरात्र के शुभ अवसर पर मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंगलवार को दिल्ली प्रवास को भी इसी से जोड़ा जा रहा है। वर्तमान में मंत्रिमंडल के पांच पद खाली हैं, जिन्हें भरा जाना जरूरी माना जा रहा है। इसके साथ ही, मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।

दिल्ली दौरे से सियासी हलचल तेज

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी अपने दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप दे सकते हैं। मंगलवार को वह ओडिशा की यात्रा के बाद दोपहर में दिल्ली लौटेंगे और रात्रि विश्राम उत्तराखंड सदन में करेंगे। उनके दिल्ली प्रवास को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में संभावित फेरबदल की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार क्यों जरूरी?

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में रिक्त पदों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत केवल सात मंत्री कार्यभार संभाल रहे हैं, जिससे कामकाज का दबाव भी बढ़ गया है।

पिछले दौर की चर्चाएं और भाजपा नेतृत्व की भूमिका

हाल ही में मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की थी। इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संकेत दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार तय है और इसके लिए उपयुक्त समय आ चुका है।

नवरात्र में हो सकता है विस्तार?

इससे पहले, होली के मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार टल गया था, लेकिन अब दोबारा यह मुद्दा चर्चा में है। दिल्ली में मौजूद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी इशारा किया है कि नवरात्र में यह विस्तार संभव हो सकता है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि धामी अपने दिल्ली दौरे से किन नामों पर मुहर लगाकर लौटते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here