बंगाल में BJP का प्रदर्शन, पुलिस वाहनों पर लगाई आग, पत्थर बरसे और चलीं लाठियां

0
70

पश्चिम बंगाल : ममता बनर्जी सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ BJP ने नबन्ना चलो अभियान का आह्नान किया। इसे लेकर राज्य में सियासत तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल में जगह-जगह पुलिस ने नबन्ना चलो अभियान में शामिल होने जा रहे BJP कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।  पुलिस ने उन्हें सचिवालय जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी है। इसी का विरोध करते हुए भाजपा के कार्यकर्ता उग्र हो गए और अंत में मामला पत्थरबाजी तक पहुंच गया। बड़ा बाजार थाने में पुलिस की गाड़ी को भी फूंके जाने की खबर है।

इसके जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार छोड़नी पड़ गई। कोलकाता के अलावा भी बंगाल के कई जिलों में भाजपा के कार्यकर्ता जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ममता सरकार में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपाई सड़कों पर उतरे हैं। यही नहीं हजारों की संख्या में प्रदेश भर से कार्यकर्ता कोलकाता पहुंच रहे हैं।

पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर 4 BJP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। BJP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें आंदोलन करने से रोका जा रहा है। भाजपा के नाबन्ना मार्च के लिए निकलने वाले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में लिया है। खुद शुभेंदु अधिकारी पुलिस की हिरासत में हैं, जिन्हें शाम तक पुलिस छोड़ सकती है। पुलिस ने रेलवे स्टेशनों के बाहर भी बैरिकेडिंग कर रखी है ताकि कोलकाता आने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका जा सके।

रानीगंज रेलवे स्टेशन के बाहर BJP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई है। हावड़ा में भी माहौल उत्तेजक बना हुआ है और BJP के कार्यकर्ताओं ने कुछ जगहों पर पत्थरबाजी भी की है। भाजपा नेता अभिजीत दत्ता ने कहा कि पार्टी के 20 नेताओं को दुर्गापुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने रोका है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमें रोक रही है, लेकिन हम अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल करते हुए निकल रहे हैं।

BJP ने प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं को कोलकाता लाने के लिए 7 ट्रेनों की बुकिंग की है। बता दें कि बंगाल पुलिस ने सोमवार की रात से सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर रखी है। हर चेक पोस्ट की सख्ती से जांच की जा री है ताकि पड़ोसी राज्य झारखंड से भाजपा के लोग न आ सकें। टीएमसी का कहना है कि भाजपा ने पैसे देकर लोगों को कोलकाता बुलाया है और व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हो रही है।