Home उत्तराखंड एक शादी ऐसी भी: बेटी के विवाह को बनाया नशामुक्त और सात्विक,...

एक शादी ऐसी भी: बेटी के विवाह को बनाया नशामुक्त और सात्विक, निमंत्रण पत्र पर छपवाया संदेश, बेताल रावत ने पेश की मिसाल 

0
5
  • प्रदीप रावत ‘रवांल्टा’ 

बड़कोट। शादियों में बढ़ते दिखावे और शराब-मांसाहार के चलन के बीच उत्तरकाशी जिले के नौगांव ब्लॉक के डांडा गांव गांव निवासी बेताल सिंह रावत ने एक अनूठी पहल कर समाज के सामने नई मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी बेटी के विवाह समारोह को पूरी तरह नशामुक्त और सात्विक रखने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि इस संदेश को उन्होंने बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र पर भी प्रमुखता से छपवाया है।

 

बदलते दौर में जहां कई लोग शादी समारोहों में शराब और मांसाहार को शान और प्रतिष्ठा से जोड़कर देखते हैं, वहीं बेताल सिंह रावत का यह फैसला सामाजिक सरोकार और पारंपरिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

शादी के कार्ड पर नशामुक्त और सात्विक विवाह समारोह का संदेश लिखे जाने के बाद यह निमंत्रण पत्र क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी कार्ड तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं।

 

बेताल सिंह रावत की इस पहल को उन लोगों के लिए भी एक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जो विवाह समारोहों में शराब परोसने के लिए गांवों में बनाए गए सामाजिक नियमों की अनदेखी करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में अन्य लोगों को भी शादी समारोहों में शराब और मांसाहार को बढ़ावा देने की प्रेरणा मिलती है।

 

विवाह जैसे पवित्र और पारिवारिक अवसर को नशे और दिखावे से दूर रखते हुए सादगी और सात्विकता के साथ मनाने का यह निर्णय अब लोगों के बीच सकारात्मक चर्चा का विषय बना हुआ है। बेताल सिंह रावत की पहल यह संदेश देती है कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत किसी बड़े मंच से नहीं, बल्कि अपने घर और अपने व्यवहार से भी की जा सकती है।

#एकशादीऐसीभी #नशामुक्तशादी #सात्विकविवाह #उत्तरकाशी #डांडागांव #सकारात्मकपहल #देवभूमिउत्तराखंड #पहाड़समाचार #PahadSamachar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here