देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी विशेष वस्तुएं भेंट कीं। मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान को भी प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को सीमांत क्षेत्र मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी और दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र) भेंट किया। इसके साथ ही उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री गाय का घी, हर्षिल का प्रसिद्ध राजमा और लाल चावल भी भेंट स्वरूप प्रदान किए। ये सभी उत्पाद प्रदेश की पारंपरिक जीवनशैली, स्थानीय आजीविका और समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों की पहचान हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की। इसके माध्यम से उन्होंने आगामी कुंभ मेले की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री की ओर से भेंट की गई वस्तुओं में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों की हस्तशिल्प परंपरा से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों में उत्पादित विशिष्ट कृषि उत्पादों तक की झलक देखने को मिली। हर्षिल का राजमा और लाल चावल जैसे स्थानीय उत्पाद राज्य की विशिष्ट कृषि पहचान को सामने लाते हैं, वहीं मलारी के पारंपरिक ऊनी वस्त्र सीमांत क्षेत्रों की लोकसंस्कृति और शिल्पकला को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री धामी की प्रधानमंत्री से यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब उत्तराखंड हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों में जुटा है। मुलाकात के दौरान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और आगामी कुंभ आयोजन से जुड़े प्रतीकों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया।















