Home उत्तराखंड बदरीनाथ के ऊपर मंडरा रहा ग्लेशियर टूटने का खतरा, 398 इमारतों समेत...

बदरीनाथ के ऊपर मंडरा रहा ग्लेशियर टूटने का खतरा, 398 इमारतों समेत कई अहम ढांचे हो सकते हैं प्रभावित

0
65

देहरादून। उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के ऊपर स्थित तीन लटकते ग्लेशियर भविष्य में बड़ी आपदा का कारण बन सकते हैं। एक नए वैज्ञानिक अध्ययन में चेतावनी दी गई है कि यदि इन ग्लेशियरों में सबसे संवेदनशील ग्लेशियर टूटकर नीचे गिरता है, तो बदरीनाथ क्षेत्र में व्यापक नुकसान हो सकता है।

इसके प्रभाव से करीब 398 इमारतें, 2.66 किलोमीटर सड़क, दो पुल, एक हेलीपैड और पार्किंग क्षेत्र प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। अध्ययन ने हिमालयी क्षेत्र में ग्लेशियरों की निगरानी और आपदा जोखिम को कम करने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाने की जरूरत को रेखांकित किया है।

28 अक्टूबर को प्रतिष्ठित शोध पत्रिका ‘Landslides’ में प्रकाशित इस अध्ययन को भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), ब्रिटेन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के शोधकर्ताओं ने संयुक्त रूप से तैयार किया है। अध्ययन में बदरीनाथ धाम के आसपास समुद्र तल से 4,700 से 5,465 मीटर की ऊंचाई पर स्थित तीन लटकते ग्लेशियरों का वैज्ञानिक आकलन किया गया है। शोधकर्ताओं ने इनके संभावित टूटने और उससे पैदा होने वाले जोखिम का विश्लेषण किया है।

सबसे संवेदनशील ग्लेशियर से बड़े नुकसान की आशंका

अध्ययन के अनुसार, तीनों ग्लेशियरों में से सबसे खतरनाक माने जा रहे ग्लेशियर के टूटकर नीचे आने की स्थिति में बदरीनाथ क्षेत्र के रिहायशी और व्यावसायिक ढांचों के साथ-साथ महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधाएं भी इसकी चपेट में आ सकती हैं। अनुमान के मुताबिक, करीब 398 इमारतों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा 2.66 किलोमीटर सड़क, दो पुल, एक हेलीपैड और पार्किंग क्षेत्र भी प्रभावित हो सकते हैं।

यह आकलन इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि बदरीनाथ धाम एक संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में स्थित है, जहां प्राकृतिक परिस्थितियों में बदलाव का असर जनजीवन और बुनियादी सुविधाओं पर पड़ सकता है। ग्लेशियर टूटने की स्थिति में संभावित नुकसान का दायरा स्थानीय आबादी से लेकर यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक हो सकता है।

चारधाम यात्रा के लिहाज से अहम है अध्ययन

बदरीनाथ धाम समुद्र तल से लगभग 3,415 मीटर की ऊंचाई पर अलकनंदा नदी के किनारे स्थित है। यह उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में शामिल है। हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम में करीब 17 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे।

ऐसे में ग्लेशियरों से जुड़े संभावित खतरे का आकलन तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और यात्रा से जुड़े बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से यात्रा सीजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए संभावित आपदा के प्रभावों का पूर्व आकलन जरूरी है।

समय रहते निगरानी और सुरक्षा उपाय जरूरी

हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियरों की संवेदनशीलता और प्राकृतिक परिस्थितियों में बदलाव को देखते हुए इस अध्ययन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया है। विशेषज्ञों के आकलन के आधार पर ऐसे संवेदनशील ग्लेशियरों की नियमित निगरानी, संभावित खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करना महत्वपूर्ण है।