शिवपुरी (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में करवा चौथ का व्रत नहीं रखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है। पत्नी द्वारा करवा चौथ का व्रत नहीं रखने और चांद की पूजा नहीं करने से नाराज पति शिकायत लेकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया। पति ने पत्नी पर उसे मारने की इच्छा रखने का आरोप लगाते हुए तलाक देने तक की धमकी दे डाली।
मामला शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के विजरावन गांव का है। यहां रहने वाले बारे लाल आदिवासी ने अपनी पत्नी मिथिलेश आदिवासी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पति का कहना है कि उसकी पत्नी न तो उसकी लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती है और न ही चांद की पूजा करती है।
बारे लाल का आरोप है कि पत्नी के इस व्यवहार से उसे लगता है कि वह उससे प्रेम नहीं करती। इतना ही नहीं, उसने आशंका जताई कि उसकी पत्नी उसे मारना चाहती है। इसी बात से नाराज होकर उसने पत्नी को तलाक देने की बात भी कही।
पुलिस ने काउंसलिंग से विवाद सुलझाने की कही बात
मामले को लेकर पुलिस भी हैरान रह गई। हालांकि, पुलिस ने विवाद को बढ़ाने के बजाय पति-पत्नी के बीच बातचीत और समझाइश के जरिए समाधान निकालने की बात कही है।
कोलारस के एसडीओपी संजय मिश्रा के मुताबिक, इस मामले में एक महिला पुलिस अधिकारी की मदद से पति-पत्नी की काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके जरिए दोनों के बीच चल रहे मतभेदों को समझने और उन्हें सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
पत्नी का पक्ष आना बाकी
फिलहाल इस पूरे मामले में पत्नी मिथिलेश आदिवासी का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस की ओर से काउंसलिंग के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। करवा चौथ के व्रत को लेकर थाने तक पहुंचे इस पारिवारिक विवाद की इलाके में चर्चा हो रही है।















