Home उत्तराखंड उत्तराखंड में पांच दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी से...

उत्तराखंड में पांच दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी

0
43

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के बीच अगले पांच दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून ने 28 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए जनपद-स्तरीय मौसम चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका जताई गई है।

आईएमडी के अनुसार 28 अगस्त को चमोली और बागेश्वर में भारी वर्षा हो सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 29 अगस्त को रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट है। इस दिन पूरे प्रदेश में गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।

वहीं 30 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। 31 अगस्त को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 1 सितंबर को पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here