Home राष्ट्रीय दिल्ली-एनसीआर में फिर महंगी हुई CNG, दो दिन में दूसरी बढ़ोतरी, उपभोक्ताओं...

दिल्ली-एनसीआर में फिर महंगी हुई CNG, दो दिन में दूसरी बढ़ोतरी, उपभोक्ताओं पर भी बढ़ा बोझ

0
11

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक ईंधन संकट का असर अब भारत में भी साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार से सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। दो दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं।

नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में अब सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी के दामों में 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी।

विशेषज्ञों के अनुसार ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से कई देशों तक कच्चे तेल और गैस की सप्लाई बाधित हुई है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है।

सीएनजी से पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हाल ही में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा चुकी है। चार वर्षों से अधिक समय बाद ईंधन कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि देखने को मिली है। सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण लागत बढ़ी है, जिसके चलते कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लंबे समय तक चुनावी राज्यों और लोकसभा चुनाव के चलते ईंधन कीमतों को स्थिर रखा गया था, लेकिन अब वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती लागत के कारण कंपनियां कीमतों में संशोधन कर रही हैं।

सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से ऑटो, टैक्सी और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लोगों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। वहीं आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here