दीवार गिरने से 4 लोगों की मौत, 9 निकाले गए जिंदा

0
70

नोएडा: सेक्टर-21 में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां दीवार गिरने से मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 9 लोगों को जीवित निकाला गया है। मौके पर मलबा हटाने का काम अभी जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर पहुंचे डीएम सुहास एलवाई ने कहा कि नोएडा अथॉरिटी ने जलवायु विहार के पास सेक्टर 21 में नाले की सफाई का काम दिया था। मजदूर जब ईंट निकाल रहे थे तो दीवार गिर गई। अभी तक चार मौतों की सूचना आई है। 2 की मौत जिला अस्पताल में हुई है तो दो की मौत कैलाश अस्पताल में हुई है। घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।

बताया जा रहा है कि नाले की सफाई में एक दर्जन से अधिक मजदूर जुटे हुए थे। इस दौरान एक ईंट हटाने पर पूरी की पूरी दीवार गिर पड़ी। 100 मीटर से अधिक दूरी तरह पूरी दीवार गिरने से सभी मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर तुरंत पुलिस और दमकलकर्मी पहुंचे। कई जेसीबी लगाकर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।

यह दीवार जलवायु विहार सोसायटी की है। दीवार के बाहर से नाला है। इसी में सफाई चल रही थी। दीवार नाले की तरफ बाहर की ओर गिरी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कैसे इतनी बड़ी दीवार गिर गई, जिसने 4 लोगों की जिंदगी लील ली।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा सेक्टर 21 में दीवार गिरने की घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और युद्ध स्तर पर बचाव अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।