नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2025 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए। अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर टॉप किया है। राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा और अकांश ढुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कुल 958 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
यूपीएससी ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न सेवाओं में कुल 1,087 रिक्तियों की घोषणा की गई थी। इनमें से 958 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है, जबकि 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अस्थायी (प्रोविजनल) रखी गई है। दो उम्मीदवारों का परिणाम रोका गया है। इसके अलावा, एक समेकित रिजर्व सूची में 258 उम्मीदवार शामिल हैं।
टॉप 10 रैंकर्स
- अनुज अग्निहोत्री (एआईआर 1)
- राजेश्वरी सुवे एम (एआईआर 2, महिला टॉपर)
- अकांश ढुल (एआईआर 3)
- राघव झुनझुनवाला
- ईशान भटनागर
- ज़िन्निया अरोरा
- ए.आर. राजा मोहिद्दीन
- पक्षल सेक्रेट्री
- आस्था जैन
- उज्ज्वल प्रियांक
वर्गवार चयनित उम्मीदवार
- सामान्य: 317
- ईडब्ल्यूएस: 104
- ओबीसी: 306
- एससी: 158
- एसटी: 73
इसमें PwBD (दिव्यांगजन) श्रेणी के 42 उम्मीदवार भी शामिल हैं।
सेवावार रिक्तियां और चयन
- आईएएस: 180
- आईएफएस: 55
- आईपीएस: 150
- केंद्रीय सेवाएं (ग्रुप ‘A’): 507
- ग्रुप ‘B’ सेवाएं: 195
चयन प्रक्रिया
सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है: प्रारंभिक (प्रीलिम्स), मुख्य (मेन्स) और साक्षात्कार (पर्सनैलिटी टेस्ट)। अंतिम मेरिट लिस्ट मेन्स के 1750 अंकों और इंटरव्यू के 275 अंकों के आधार पर तैयार की जाती है। परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के अंदर चयनित उम्मीदवारों के अंक यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध होंगे।
उम्मीदवार किसी भी जानकारी के लिए यूपीएससी परिसर में सुविधा काउंटर पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक व्यक्तिगत रूप से या फोन नंबर 011-23385271, 011-23381125, 011-23098543 पर संपर्क कर सकते हैं। यूपीएससी ने उम्मीदवारों को बधाई दी है और कहा है कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। अनुज अग्निहोत्री, जो एआईएमएस जोधपुर से एमबीबीएस हैं, ने इस सफलता से लाखों युवाओं को प्रेरित किया है।















