Home उत्तराखंड उत्तराखंड में गर्भवती महिला के साथ अस्पताल में रुकने वाले साथी को...

उत्तराखंड में गर्भवती महिला के साथ अस्पताल में रुकने वाले साथी को मिलेंगे 600 रुपये, एनएचएम ने तय की प्रोत्साहन राशि

0
11

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव कराने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ अस्पताल में रुकने वाले नामित साथी को 600 रुपये की आर्थिक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दो दिनों के लिए निर्धारित की गई है।

उत्तराखंड में संस्थागत प्रसव का दायरा बढ़ने के बावजूद सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव कराने का अनुपात अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल प्रसव का लगभग 85 प्रतिशत संस्थागत स्वास्थ्य केंद्रों में हो रहा है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में प्रसव का अनुपात महज 49.9 प्रतिशत है। राज्य में लगभग 1.48 लाख संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए हैं।

ऐसे में एनएचएम की यह पहल सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभाग को उम्मीद है कि आर्थिक प्रोत्साहन के साथ प्रसव के बाद 48 घंटे तक अस्पताल में रुकने की व्यवस्था को भी बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया प्राथमिकता

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। प्रसव के बाद अस्पताल में रुकने वाले साथी को आर्थिक सहायता देने की पहल से जच्चा-बच्चा की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

सरकार की इस पहल को विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जहां अस्पताल तक पहुंचने और प्रसव के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने में परिवारों को कई तरह की आर्थिक एवं भौगोलिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here