Home उत्तराखंड उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति में 2027 की रणनीति पर मंथन, तीसरी बार...

उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति में 2027 की रणनीति पर मंथन, तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प

0
6

हल्द्वानी। उत्तराखंड में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यसमिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाने का लक्ष्य रखा गया।

कार्यसमिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति, स्टार्टअप, एमएसएमई, महिला उद्यमिता, निर्यात और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रस्ताव में स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, जीईएम और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में हुई प्रगति को देश की बदलती आर्थिक तस्वीर का उदाहरण बताया गया।

प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कार्यसमिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष के कार्यकाल की सराहना की। प्रस्ताव में समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सरकारी भर्ती में पारदर्शिता, महिला आरक्षण, रोजगार, स्वरोजगार, स्वास्थ्य और सीमांत क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया।

बीजेपी ने दावा किया कि प्रदेश में 34 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। साथ ही करीब दो हजार स्टार्टअप, चार हजार से अधिक होम स्टे और ‘हाउस ऑफ हिमालय’ जैसे प्रयासों से स्थानीय युवाओं और उत्पादों को बढ़ावा मिला है। कार्यसमिति ने चारधाम यात्रा, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विस्तार को भी राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में हल्द्वानी में सामने आए कथित ‘शुद्धीकरण’ विवाद को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा गया। बीजेपी ने कहा कि जाति के आधार पर भेदभाव या अपमान स्वीकार्य नहीं है, लेकिन किसी स्थानीय धार्मिक परंपरा को राजनीतिक रंग देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास नहीं होना चाहिए। पार्टी ने सामाजिक समरसता बनाए रखने की बात कही।

कार्यसमिति ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान की रक्षा के लिए धर्मांतरण, अवैध अतिक्रमण और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का समर्थन किया।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने विकास, सुशासन, जनकल्याण, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक पहचान को अपना प्रमुख एजेंडा बनाने का फैसला किया। कार्यसमिति ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और 2027 में पार्टी को दोबारा जनादेश दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

कार्यसमिति ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। पार्टी ने इसे ‘विकल्प रहित संकल्प’ बताते हुए 2027 में लगातार तीसरी बार प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here