Home राष्ट्रीय श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराया इंडिगो विमान,...

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराया इंडिगो विमान, सभी यात्री सुरक्षित

0
6

श्रीनगर। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक उड़ान शुक्रवार सुबह श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल के संपर्क में आ गई। हादसे में विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9:02 बजे बे नंबर छह पर पार्क की जा रही थी। इसी दौरान विमान VDGS पोल के संपर्क में आ गया। घटना के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतारा गया। इसके लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया।

प्राधिकरण ने बताया कि घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। हादसे की परिस्थितियों और कारणों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

2031 तक पूरा होगा श्रीनगर एयरपोर्ट का विस्तार

इधर, श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार की भी तैयारी है। प्रस्तावित परियोजना पर करीब 1,667 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विस्तार के बाद एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता बढ़कर करीब एक करोड़ होने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी के अनुसार, श्रीनगर एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव के विस्तार का लक्ष्य 2031 तक पूरा करना है। परियोजना के पूरा होने के बाद बढ़ती हवाई यात्री संख्या को संभालने में एयरपोर्ट की क्षमता में उल्लेखनीय इजाफा होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here