देहरादून। राजीव गांधी फाउंडेशन के तत्वावधान में राजीव गांधी स्टडी सर्किल की ओर से आयोजित अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता ‘हरा भरा स्वराज’ के प्रतिभागियों के लिए नई दिल्ली स्थित जवाहर भवन में सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने किया। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में देशभर से चयनित प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड स्टूडेंट्स सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना के नेतृत्व में देहरादून से 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान राजीव गांधी फाउंडेशन के चेयरमैन एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, ट्रस्टी सुमन दुबे, विजय महाजन, प्रोफेसर सतीश राय और सौरभ राय ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. चयनिका उनियाल ने ‘हरा भरा स्वराज’ अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक करने की पहल है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर विषय हैं। प्रतियोगिता में देशभर के युवाओं द्वारा पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर प्रस्तुत किए गए विचार इस बात का संकेत हैं कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर और सकारात्मक सोच रखती है।
समापन सत्र का संचालन उत्तराखंड प्रदेश राजीव गांधी स्टडी सर्किल की स्टूडेंट सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना ने किया। उन्होंने उत्तराखंड की पर्यावरणीय विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश विश्वविख्यात पर्यावरणविद पद्मविभूषण सुंदरलाल बहुगुणा और चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की भूमि है। उत्तराखंड ने प्राकृतिक आपदाओं का भीषण दंश झेला है, जिसमें वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा प्रमुख है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का करीब 67 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र है और गंगा, यमुना व शारदा जैसी नदियों के साथ ही अनेक राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्य यहां मौजूद हैं। ऐसे में वन, वन्यजीव, जल और जमीन के संरक्षण का महत्व उत्तराखंड से बेहतर कोई नहीं समझ सकता।
सुप्रिया धस्माना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों और सेमिनारों का आयोजन आने वाले समय में उत्तराखंड में भी किया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवाओं को पर्यावरणीय मुद्दों पर अपने विचार रखने और राष्ट्रीय स्तर पर संवाद का अवसर मिल सके।
उत्तराखंड के प्रतिभागियों ने हासिल किए पुरस्कार
‘हरा भरा स्वराज’ कार्यक्रम के तहत आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता ‘पर्यावरणीय मुद्दों पर केस स्टडी’ में उत्तराखंड की उन्नति केशटवाल ने शीर्ष दस विजेताओं में स्थान बनाते हुए सातवां पुरस्कार हासिल किया। वहीं, पर्यावरणीय मुद्दों पर उत्कृष्ट प्रश्न पूछने वाले शीर्ष 15 प्रतिभागियों में उत्तराखंड के अतुल कुमार नैथानी (ग्राफिक एरा) ने पांचवां और आयुष रावत (डीएवी कॉलेज) ने सातवां पुरस्कार प्राप्त किया। उत्तराखंड के प्रतिभागियों की इस उपलब्धि को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।















