हल्द्वानी | Nainital News | NEET Student Death Case : हल्द्वानी में नीट (NEET) की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव मुखानी क्षेत्र स्थित एक पीजी (PG) के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की रहने वाली छात्रा 30 मई को हल्द्वानी आई थी। उसने एक निजी कोचिंग संस्थान में NEET परीक्षा की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था और खाटू श्याम मंदिर के पास स्थित पीजी में रह रही थी। नियमित कक्षाएं 29 जून से शुरू होनी थीं, जबकि वह फिलहाल डेमो क्लास में शामिल हो रही थी। जानकारी के मुताबिक छात्रा का बड़ा भाई भी इसी संस्थान से तैयारी कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल हुआ था और वर्तमान में भोपाल स्थित एम्स में अध्ययनरत है। परिवार ने उसी से प्रेरित होकर छात्रा को डॉक्टर बनने के सपने के साथ हल्द्वानी भेजा था।
युवक के फोन के बाद खुला मामला
मंगलवार देर रात एक युवक ने छात्रा की सहेली को फोन कर बताया कि वह छात्रा से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसका फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद सहेली ने पुलिस और अन्य परिचितों को सूचना दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब पीजी का कमरा खुलवाया तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
डायरी में मिली रहस्यमयी पंक्ति, कई एंगल से जांच
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि छात्रा के कमरे से बरामद डायरी में लिखी एक रहस्यमयी पंक्ति ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस प्रेम-प्रसंग, मानसिक तनाव और अन्य व्यक्तिगत कारणों सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मोबाइल, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सोशल मीडिया अकाउंट और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है। साथ ही उस युवक की पहचान और तलाश भी की जा रही है जिसने छात्रा की सहेली को फोन किया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी है। उसकी मां और भाई हल्द्वानी पहुंच चुके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।














