Home उत्तराखंड उत्तराखंड : आकाशीय बिजली से बड़ा नुकसान, 500 बकरियों की मौत

उत्तराखंड : आकाशीय बिजली से बड़ा नुकसान, 500 बकरियों की मौत

0
21

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जनपद में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। विकासखंड दशोली की निजमुला घाटी स्थित गौणा-भनाली तोक में इस घटना में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक और मायूसी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, इस घटना में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल समेत कई पशुपालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि एक ही झटके में उनकी वर्षों की मेहनत खत्म हो गई, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि देर रात आकाशीय बिजली गिरने से भनाली तोक में बड़ी संख्या में बकरियों के मारे जाने की सूचना मिली है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 से 5 मई के लिए चमोली समेत राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई थी।

निजमुला घाटी को भेड़ पालन का प्रमुख क्षेत्र माना जाता है, जहां ग्रामीणों की आजीविका मुख्य रूप से पशुपालन पर निर्भर है। ऐसे में इस घटना ने स्थानीय अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डाला है।

पशुपालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का जल्द सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here