Home उत्तराखंड देहरादून में साइबर ठगी: ओएनजीसी से रिटायर्ड बुजुर्ग से 1.87 करोड़ रुपये...

देहरादून में साइबर ठगी: ओएनजीसी से रिटायर्ड बुजुर्ग से 1.87 करोड़ रुपये की ठगी, केस दर्ज

0
17

देहरादून: साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर ओएनजीसी से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग से करीब 1.87 करोड़ रुपये ठग लिए। मामले में पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना देहरादून में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। राजेंद्र नगर, कौलागढ़ रोड निवासी 70 वर्षीय दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 में सेवानिवृत्ति के बाद 31 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप संदेश आया।

इसके बाद खुद को निवेश सलाहकार बताने वाली एक महिला ने संपर्क कर उन्हें निवेश योजना में जोड़ने का झांसा दिया। आरोप है कि महिला ने खुद को Aditya Birla Sun Life से जुड़ा अधिकारी बताया और उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल किया, जहां फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर भरोसा दिलाया गया। बाद में उन्हें “वीआईपी ग्रुप” में जोड़कर हाई नेटवर्थ ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाने के लिए प्रेरित किया गया।

आरोपियों ने खुद को अधिकृत साबित करने के लिए कथित सेबी रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया। शुरुआत में पीड़ित ने 49 हजार रुपये निवेश किए। खाते में दिख रहे फर्जी मुनाफे से प्रभावित होकर उन्होंने अलग-अलग खातों में कुल 1.17 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा ब्रोकरेज शुल्क के नाम पर 70 लाख रुपये और जमा कराए गए। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पहले ब्रोकरेज और फिर आयकर के नाम पर और रकम जमा करने का दबाव बनाया।

इस पर उन्हें ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में दीया मेहरा, अनन्या शास्त्री और खुद को प्रोफेसर ए. बालासुब्रमण्यम बताने वाले व्यक्ति सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। Ajay Singh ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here