Home उत्तराखंड उत्तराखंड : हिमस्खलन और खराब मौसम का अलर्ट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में...

उत्तराखंड : हिमस्खलन और खराब मौसम का अलर्ट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह

0
10

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन को लेकर रक्षा भू-भौतिकी अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRE) ने चेतावनी जारी की है। जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों के लिए खतरे का स्तर-दो (मध्यम) निर्धारित किया गया है, जहां छोटे हिमस्खलन की संभावना बनी हुई है। वहीं, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में खतरे का स्तर-एक (कम) बताया गया है। डीजीआरई ने लोगों और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और सतर्कता बरतें।

इसी बीच, मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 मार्च के लिए उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आगामी दिनों में 27 मार्च तक पूरे राज्य में मौसम अस्थिर बना रह सकता है।

रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होकर 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here