हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां अपने पति से मिलने आई एक महिला के साथ होटल में सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। इस वारदात ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए होटल मैनेजर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद सभी तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़िता बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली है और उसके पति हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। महिला शनिवार को अपने पति से मिलने हरिद्वार पहुंची थी। बस अड्डे के निकट एक ऑटो चालक ने मदद के बहाने उसे अपने वाहन में बैठाया और कुछ दूरी पर ले जाकर एक कार में सवार कर दिया। कार चालक ने उसे शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले जाकर कमरे में पहुंचाया। इसके बाद ऑटो चालक भी वहां पहुंच गया। पीड़िता का आरोप है कि होटल में ले जाकर तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह जान बचाकर महिला शहर कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। लोकेशन ट्रेसिंग और अन्य सुरागों के आधार पर नहर पटरी क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में शामिल, एक आरोपी मूल निवासी नहटौर (बिजनौर), हाल पता श्रीराम एन्क्लेव, सराय ज्वालापुर, दूसरा आरोपी निवासी शास्त्रीनगर कड़च्छ, ज्वालापुर और तीसरा आरोपी होटल मैनेजर, मूल निवासी कुंदरकी (मुरादाबाद), हाल पता हरिद्वार के साथ ही पुलिस ने बताया कि एक आरोपी ऑटो चालक है, जबकि दूसरा कार चालक के रूप में शामिल था।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के सात होटलों के मालिकों को करीब 23 घंटे तक हिरासत में रखकर पूछताछ की गई। घटनास्थल के आसपास के होटलों के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से भी विस्तृत जानकारी ली गई। प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में चल रही जांच में होटल संचालकों से आईडी, रजिस्ट्रेशन और कैमरों की स्थिति के बारे में पूछताछ हुई, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंच बन पाई। पुलिस ने मामले की गहन जांच जारी रखी है और पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है।















