तूफान में फंसा स्पाइसजेट का विमान, यात्रियों का हुआ भारी नुकसान, कई घायल…

0
114

रविवार को मुंबई से दुर्गापुर (Mumbai to durgapur flight) के लिए जा रही एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान भारी तूफान में फंस गई। जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और कई यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ये विमान स्पाइसजेट (Spicejet) का था। मुंबई से उड़ान भरने के बाद विमान दुर्गापुर पश्चिम बंगाल में लैंड होते होते तूफान के कारण अपना संतुलन खो बैठा। बताया जा रहा है कि इस विमान में मौजूद 17 यात्री घायल हो चुके हैं, जिनमें से कई यात्रियों की हालत नाजुक है। बता दें कि ज्यादातर यात्रियों के सिर पर ही चोट आई है।

इनमें एक यात्री ऐसा भी है जिसको स्पाइनल इंजरी (Spinal injury) भी हुई है। खबरों के अनुसार सभी घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। इस हादसे के बाद स्पाइसजेट के प्रवक्ता का एक बयान भी सामने आया है। उन्होंने इस पर कहा है कि “एक मई को स्पाइसजेट का बोइंग बी737 विमान मुंबई से दुर्गापुर की उड़ान एसजी-945 संचालित करने के दौरान हवाईअड्डे पर उतर रहा था, तभी उसे समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा, जिसके चलते दुर्भाग्यवश कुछ यात्रियों को चोटें आईं।”

उन्होंने आगे कहा है कि “विमान के दुर्गापुर में उतरने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। स्पाइसजेट इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त करता है और वह घायलों को हरंसभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है।” बताया जा रहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। डायरेक्टर (Air Safety) एचएन मिश्रा इस मामले की जांच करने को तैयार हैं।