मुंबई में आ गए लालबाग के राजा, इस बार भव्य होगा गणेशोत्‍सव

0
66

मुंबई : पछले दो सालों से कोरोना महामारी के कारण मुंबई में गणेशोत्‍सव की रौनक फीकी थी, लेकिन इस बार सबकुछ सही होने के बाद तैयारियां जोरों पर हैं। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल इस पारंपरिक त्‍योहार को मनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसके साथ ही पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्‍सव की रौनक अभी से नजर आने लगी है।

मंडल की ओर से सोमवार को इस साल की मूर्ति के पहले लुक का अनावरण किया गया। इस साल, लालबागचा राजा एक बार फिर 12 फीट की विशाल मूर्ति के साथ सिंहासन पर अपनी शाही मुद्रा में बैठे नजर आ रहे हैं। लालबाग के राजा की पूजा अर्चना करने के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु लालबाग में आते हैं। यहां की मूर्ति हर साल चर्चा में रहती है जिनके दर्शन करने काफी अधिक संख्‍या में लोग दूर-दूर से आते हैं।

10 दिवसीय उत्सव 31 अगस्त से शुरू होगा। इस साल उनकी थीम अयोध्या राम मंदिर रखा गया है। जाने-माने कला निर्देशक नितिन चंद्रकांत देसाई ने पंडाल की साज-सज्जा को आकार दिया है।लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ने इस वर्ष भव्य उत्सव समारोह के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। तैयारियों के बारे में बोलते हुए, मंडल के अध्यक्ष बाला कांबले ने कहा: “हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी को लालबागचा राजा के दर्शन आराम से हो सके।

1934 में स्थापित, लालबागचा राजा सार्वजनिक मंडल इस साल 89 साल पूरे कर रहा है और इस साल और अधिक आगंतुकों की उम्मीद कर रहा है। क्योंकि राज्य सरकार ने कोविड प्रतिबंध हटा लिया है। बिना किसी प्रतिबंध के उत्सव वैसे ही होंगे जैसे वे महामारी से पहले करते थे। हमें इस साल भी भारी संख्या में आने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए हमने पहले ही खुद को तैयार कर लिया है।