पंजाब के पूर्व CM पर प्रियंका का वार, जनसभा को संबोधित कर कहीं ये बड़ी बातें…

0
90

देश में इस समय सभी राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बिजी हैं। कोई पार्टी कहीं प्रचार कर रही है तो कोई कहीं। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी पार्टी को उभारने के लिए पंजाब पहुंची। उन्होंने इस दौरान कोटकपूरा में एक जनसभा को संबोधित किया। संबोधन के दौरान उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने अमरिंदर सिंह के कार्यकाल के दौरान भाजपा से गठजोड़ का आरोप लगाया। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोला।

अमरिंदर सिंह और भाजपा के गठजोड़ पर प्रियंका ने कहा कि “इसे बदल दिया गया क्योंकि यह केंद्र से भाजपा द्वारा चलाई जा रही थी। वह सरकार पंजाब से चलनी बंद हो गई थी। वह सरकार दिल्ली से चलने लगी थी और दिल्ली में भी कांग्रेस पार्टी से नहीं, भाजपा की ओर से यह सरकार चल रही थी। वह जो छिपी हुई सांठगांठ थी, वह अब खुले में आ गई है। इसलिए वह सरकार बदलनी पड़ी, एक नई राजनीति लानी पड़ी। हम जान रहे थे कि कुछ गलत हो रहा था, उसे ठीक करने के लिए एक नई राजनीति आई। हमें चरणजीत सिंह चन्नी मिले , जो आप में से एक हैं। वह आपकी समस्याओं को जानते और महसूस करते हैं।”

वहीं, दूसरी ओर उन्होंने केजरीवाल सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “दिल्ली का मॉडल दिखाया जाता है। बड़े-बड़े विज्ञापनों के माध्यम से दिल्ली सरकार के मॉडल की बात कही जाती है। मत भूलिए, एक बार पहले भी ऐसे ही एक मॉडल का प्रचार हुआ था। जब भाजपा की सरकार बनी थी, तो गुजरात मॉडल की बात कही गई थी। वह मॉडल सिर्फ विज्ञापनों में दिखा। इसके बाद एक ऐसी सरकार मिली, जिसमें रोजगार घटे, जिसने किसानों को कुचल डाला। दिल्ली की आम आदमी पार्टी भी कुछ ऐसी ही है। यह पार्टी तो उभरी ही आरएसएस से है। दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य पर कुछ नहीं हुआ है।”