मौसम विभाग ने की इन राज्यों में शीतलहर की घोषणा, पहाड़ी इलाकों में माइनस में पहुंचा पारा..

0
104

देश की राजधानी दिल्ली के साथ साथ उत्तरी भारत के बड़े बड़े शहरों में भी ठंड बढ़ने लगी है। इस दौरान मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि ये ठंड और कोहरा लगभग शुक्रवार तक जारी रहेगा। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अपने बुलेटिन में बताया कि “17 दिसंबर को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।” बता दें कि पश्चिमी हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण राजधानी दिल्ली और आस पास के शहरों में मौजूदा तमाम में तेज़ी से गिरावट आई है।

तेज़ी से आई इस गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली में शीतलहर की घोषणा की है। इस दौरान मौसम विभाग ने तापमान 5 डिग्री तक रहने की संभावना जताई है। ताज़ा बुलेटिन में कहा गया कि अधिकतम तापमान भी 18.5 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने ट्वीट करते हुए कहा कि “पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग क्षेत्रों में गंभीर शीत लहर की स्थिति के साथ कुछ पॉकेट्स में शीत लहर की स्थिति है.. दक्षिण हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग पॉकेट्स में भी शीत लहर की स्थिति है। आज, पूर्वी राजस्थान के सीकर में न्यूनतम न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री दर्ज किया गया।”

पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि “पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में व्यापक बर्फबारी दर्ज की गई है और अब बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बह रही हैं, जिससे पारा नीचे आ रहा है।” बता दें कि इन दो दिनों में भारी ठंड पड़ने की संभावना है। गौरतलब रहे कि शीत लहर की घोषणा तब की जाती है जब तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे होता है। श्रीवास्तव ने बताया कि “दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए, अगर एक दिन भी मानदंड पूरा हो जाता है, तो यहां शीत लहर की घोषणा की जा सकती है।”