कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधव सिंह सोलंकी का निधन, पीएम ने ट्वीट कर जताया दुख..

0
104

गुजरात के चार बार मुख्यमंत्री रहे माधव सिंह सोलंकी का 94 साल की उम्र में आज निधन हो गया। माधव सिंह सोलंकी का जन्म 30 जुलाई 1927 को हुआ था। सोलंकी कांग्रेस के कद्दावर नेता थे। वह भारत के पूर्व विदेश मंत्री रह चुके हैं। साल 1973-1975-1982-1985 वह गुजरात के सीएम रहे हैं। वह 1980 में पहली बार गुजरात की सत्ता में आए थे। जिसके बाद उन्होंने अपनी एक नई पहचान बनाई। बता दें कि सत्ता में आने से पहले वो एक पत्रकार थे।

माधव सिंह सोलंकी के निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख ज़ाहिर किया। इस दुख भरे मौके पर पीएम ने ट्वीट कर कहा कि “माधवसिंह सोलंकी जी एक दुर्जेय नेता थे, जिन्होंने दशकों तक गुजरात की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज के प्रति उनकी समृद्ध सेवा के लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके निधन से दुखी हूं। उनके पुत्र भरत सोलंकी जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।” उन्होंने आगे लिखा कि “राजनीति से परे, श्री माधवसिंह सोलंकी जी को पढ़ने में मज़ा आया और वे संस्कृति के बारे में भावुक थे। जब भी मैं उनसे मिलता या उनसे बात करता, हम किताबों के बारे में चर्चा करते और वे मुझे हाल ही में पढ़ी जाने वाली एक नई किताब के बारे में बताते। मैं हमेशा हमारे बीच हुई बातचीत को संजोता रहूंगा।”

पार्टी के दिग्गज नेता के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि “माधवसिंह सोलंकी के निधन से दुखी हूं। कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना।” 1980 के दशक में उन्होंने जातिगत समीकरणों को साधने के लिए KHAM फार्मूला सुझाया था।